टीएचडीसी टनल और तमक नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाएं – कौशिक

गोपेश्वर (चमोली)। आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों और तमक नाले में बहे बीआरओ कर्मी की तलाश के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला सभागार में आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि टनल में फंसे श्रमिकों की सुरक्षित तलाश और रेस्क्यू के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ आधुनिक उपकरणों का अधिकतम उपयोग किया जाए। प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और लाइनों को जल्द दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राशन और आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में एंबुलेंस की हर समय उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। घायलों और प्रभावित लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ आयुष विभाग को पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए।

ज्योतिर्मठ और कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर समेत भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ट्रीटमेंट कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा आपदा से विस्थापित परिवारों को मुआवजा और राहत सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अवरुद्ध सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश देते हुए कौशिक ने कहा कि जहां भी यातायात बाधित है, वहां जल्द से जल्द आवाजाही बहाल की जाए। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करते हुए राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने एसडीआरएफ के मानकों में अर्बन रोड को भी शामिल करने तथा एसडीआरएफ के गठन में इंजीनियरों की नियुक्ति का सुझाव दिया। मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, एडीएम विवेक प्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में आपदा में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बेरोजगार डिग्रीधारी लैब तकनीशियनों ने हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात

Mon Aug 17 , 2026
देहरादून: बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुनः हल्द्वानी के लाखनमंडी, चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री कुमाऊँ संभाग के जिलाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक में प्रतिभाग करने पहुंचे थे, इसी दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!