डांट से नाराज घर से निकली बच्ची, जंगल की ओर बढ़ रहे कदम पीआरडी जवान ने रोके

  • मंडल से अकेले चोपता जा रही थी मासूम
  • सतर्क जवान ने रोकाय पुलिस ने परिजनों को बुलाकर सकुशल सौंपा

गोपेश्वर (चमोली)। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय बालिका चोपता के घने जंगल की ओर बढ़ने लगी। मंडल स्थित जड़ी-बूटी शोध संस्थान के पास ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान दिनेश लाल की नजर उस पर पड़ गई। बच्ची को सुनसान रास्ते पर अकेले जाते देख जवान ने उसे रोककर पूछताछ की और पुलिस को सूचना दी। समय रहते हुई इस कार्रवाई से बच्ची किसी संभावित अनहोनी का शिकार होने से बच गई।

वर्चुअल थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार को कोतवाली गोपेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत मंडल से चोपता की ओर जा रही बालिका को पीआरडी जवान दिनेश लाल ने अकेले जाते देखा। उन्होंने बच्ची को रोककर प्यार से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई है और चोपता जा रही है। पीआरडी जवान ने तत्काल इसकी सूचना चैकी प्रभारी मंडल एएसआई विपिन त्यागी को दी। पुलिस बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से चैकी ले आई और परिजनों को सूचना देकर बुलाया। कुछ देर बाद परिजन चैकी पहुंचे, जहां पुलिस ने बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

मंडल से चोपता जाने वाला मार्ग घने जंगलों से होकर गुजरता है। इस क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में महज 10 साल की बच्ची का अकेले इस रास्ते पर आगे बढ़ना जोखिम भरा हो सकता था। पीआरडी जवान की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की छोटी-छोटी नाराजगी और भावनाओं को भी गंभीरता से समझें। उन्हें डांटने के बजाय प्यार से समझाएं और ऐसा माहौल दें, जिसमें वे अपनी परेशानी बिना किसी डर के साझा कर सकें।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तरकाशी : अस्पतालों, स्कूलों और न्यायालयों के 100 मीटर तक डीजे-लाउडस्पीकर और अनावश्यक हॉर्न पर बैन!

Thu Nov 12 , 2026
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए निर्देश। डीजे-लाउडस्पीकर और अनावश्यक हॉर्न पर रहेगी निगरानी।  उत्तरकाशी। जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। अब जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों तथा न्यायालय परिसरों के आसपास […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!