औली के स्लोप पर बिछेगी कृत्रिम बर्फ, 20 दिसंबर से शुरू होगा काम

  • क्रिसमस और न्यू ईयर पर पर्यटकों को बर्फ का दीदार कराने की तैयारी
  • 1350 मीटर लंबे स्कीइंग स्लोप पर बिछाई जाएगी कृत्रिम बर्फ

ज्योतिर्मठ (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में विंटर सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मौसम की बेरुखी के बावजूद पर्यटकों को बर्फ के दीदार कराने के लिए कृत्रिम बर्फ बनाने की तैयारी की जा रही है। विंटर गेम्स एसोसिएशन, पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम की संयुक्त टीम ने स्नो मेकिंग मशीनों का ट्रायल किया, जो सफल रहा। इसके बाद अब 20 दिसंबर से नियमित रूप से कृत्रिम बर्फ बनाने का काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

ट्रायल के दौरान टीम ने औली में आठ नंबर टावर के आसपास मशीनों के जरिए कृत्रिम बर्फ तैयार करने का अभ्यास किया गया। विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि 20 दिसंबर से सभी स्नो मेकिंग मशीनों को सुचारू कर दिया जाएगा। इसके बाद औली के करीब 1350 मीटर लंबे स्कीइंग स्लोप पर कृत्रिम बर्फ तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान औली पहुंचने वाले पर्यटकों को बर्फ देखने का मौका देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। अक्सर प्राकृतिक बर्फबारी नहीं होने से पर्यटकों को निराशा होती है। कृत्रिम बर्फ तैयार होने से पर्यटन सीजन को बेहतर बनाने के साथ देश-विदेश से आने वाले स्कीइंग प्रेमियों को भी सुविधा मिलेगी।

कृत्रिम बर्फ तैयार होने के बाद औली में स्कीइंग गतिविधियां शुरू करने की भी योजना है। उत्तराखंड स्कीइंग टीम के कोच विकेश डिमरी के अनुसार, यदि कृत्रिम बर्फ के साथ प्राकृतिक बर्फबारी भी होती है तो औली में स्कीइंग के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। इससे दिसंबर से ही प्रशिक्षण और स्कीइंग कोर्स शुरू किए जा सकेंगे, जिन्हें मार्च-अप्रैल तक संचालित करने की संभावना है। इससे खिलाड़ियों को लंबे समय तक अभ्यास का अवसर मिलेगा।

इधर, स्थानीय पर्यटन कारोबारियों और लोगों को भी मौसम में बदलाव तथा प्राकृतिक बर्फबारी का इंतजार है। बारिश और बर्फबारी के बाद औली की वादियों के बर्फ से ढकने की उम्मीद है। ऐसे में स्नो मेकिंग का सफल ट्रायल पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए राहत और उम्मीद की खबर लेकर आया है। कृत्रिम बर्फ की यह तैयारी सफल रहती है तो औली का विंटर सीजन इस बार दिसंबर से ही रफ्तार पकड़ सकता है।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, जयकारों के बीच ऊखीमठ रवाना हुई बाबा केदार की डोली

Thu Nov 12 , 2026
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं के बीच शुभ मुहूर्त में प्रातः 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!