माधोसिंह भण्डारी नाट्य मंचन, लेजर शो और पांडवाज की प्रस्तुति से गूंजा टिहरी लेक फेस्टिवल

  • “टिहरी लेक फेस्टिवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब, देर रात तक चले रंगारंग कार्यक्रम”
  • “पांडवाज की दमदार प्रस्तुति से गूंजा टिहरी लेक फेस्टिवल का मंच”
  • “पांडवाज के लोक वाद्यों की गूंज से उत्सवमय हुई टिहरी लेक फेस्टिवल की सांस्कृतिक संध्या”
  • “टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में हुआ दिव्य एवं भव्य कार्यक्रमों का आयोजन”

टिहरी : टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के प्रथम दिवस की संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रही। कोटी कॉलोनी  स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रथम सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति, परंपरा और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों ने भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

पहले आयोजित फैशन शो के अंतर्गत मिस टिहरी प्रतियोगिता में 32 तथा मिस्टर टिहरी प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जज की भूमिका में देहरादून में जन्मी और वर्तमान में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय आरती शाह रहीं, जो एक प्रशिक्षित कथक नृत्यांगना, अभिनेत्री और क्रिएटिव डायरेक्टर है एवं साथ ही देहरादून निवासी अनुराग जोशी ने भी जज की भूमिका निभाई, जो एक प्रतिभाशाली अभिनेता, थिएटर आर्टिस्ट और मॉडल हैं।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत नई टिहरी रामलीला मंच द्वारा प्रस्तुत माधोसिंह भण्डारी नाट्य मंचन से हुई। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से वीरता और शौर्य की ऐतिहासिक गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा उपस्थित जनसमूह ने कलाकारों की प्रस्तुति की भरपूर सराहना की।

तदोपरांत खुले आकाश के नीचे आकर्षक लेजर शो का आयोजन किया गया। इस लेजर शो के माध्यम से पुराने टिहरी के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में टिहरी नगर के प्रमुख मंदिरों तथा प्रसिद्ध चंद्राबदनी मंदिर से जुड़ी धार्मिक और ऐतिहासिक जानकारी को भी प्रकाश और ध्वनि के मनमोहक संयोजन के साथ प्रदर्शित किया गया। इस आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को टिहरी की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर से रूबरू कराया।

इसके उपरांत पांडवाज दल द्वारा पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के साथ आकर्षक एवं शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। लोक संगीत की मधुर धुनों और ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा। दर्शक देर रात तक इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हुए लोक संस्कृति की इस अनूठी प्रस्तुति के साक्षी बने।

इस अवसर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनता उपस्थित रही। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए टिहरी लेक फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक, साहसिक खेलों एवं मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य टिहरी झील की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देना तथा स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान करना है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टिहरी लेक फेस्टिवल : पर्यटन के मेले में हरित छाया, राष्ट्रीय खेलों की तरह ही इस आयोजन से भी पर्यावरण का ठोस संदेश

Sun Mar 8 , 2026
“कार्यक्रम के नाम में पहली बार जोड़ा गया है हिमालयन ओ टू” “हर बडे़ आयोजन के साथ पर्यावरण थीम जोड़ रही सरकार” टिहरी : पर्यटन के मेले में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से गूंज रहा है। राष्ट्रीय खेलों की ही तरह इस आयोजन की थीम के साथ भी […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!