उत्तराखण्ड में सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को जल्द जारी होंगे सम्मानजनक राशि के विज्ञापन, उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मांग पर लगी मुहर

  • अरुण शर्मा ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी का जताया आभार, पूरे साल नियमित विज्ञापन और डिजिटल मीडिया के लिए अलग नियमावली बनाने की मांग

देहरादून। उत्तराखंड में डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मांग पर सूचना विभाग की ओर से सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले एक-दो दिनों में सभी संबंधित सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को सम्मानजनक राशि के विज्ञापन के रिलीज ऑर्डर (आरओ) जारी किए जाने की तैयारी है। विज्ञापन दरें कम होने के बावजूद न्यूज़ पोर्टलों को सम्मानजनक राशि का विज्ञापन जारी किए जाने के निर्णय को डिजिटल मीडिया के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने इस पहल के लिए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया आज समाचारों के त्वरित प्रसारण के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में न्यूज पोर्टलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।

अरुण शर्मा ने कहा कि यूनियन लगातार डिजिटल मीडिया संस्थानों की व्यावहारिक समस्याओं और आर्थिक चुनौतियों को विभाग के समक्ष उठा रही है। न्यूज पोर्टलों के संचालन में सर्वर, वेबसाइट मेंटेनेंस, तकनीकी संसाधनों, वीडियो एडिटिंग और समाचार संकलन पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। इसके बावजूद वर्तमान विज्ञापन दरें अपेक्षाकृत कम हैं। ऐसे में विज्ञापन जारी करने की यह पहल पोर्टलों के संचालन में सहायक होगी।

पूरे वर्ष नियमित अंतराल पर जारी किए जाए विज्ञापन

उन्होंने सूचना महानिदेशक से मांग की कि सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को केवल विशेष अवसरों पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित अंतराल पर विज्ञापन जारी किए जाएं, ताकि डिजिटल मीडिया संस्थानों को आर्थिक स्थिरता मिल सके और पत्रकारिता के कार्य को निरंतरता के साथ संचालित किया जा सके।

डिजिटल मीडिया के लिए बने अलग नियमावली

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरह उत्तराखण्ड में न्यूज पोर्टलों के लिए भी जल्द से जल्द स्पष्ट और व्यावहारिक नियमावली बनाई जानी चाहिए। इससे डिजिटल मीडिया संस्थानों के विज्ञापन, सूचीबद्धता और अन्य प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल पत्रकारिता का तेजी से विस्तार हो रहा है, ऐसे में इसके लिए व्यवस्थित नीतिगत ढांचा तैयार करना जरूरी है।

गौरतलब है कि इससे पहले उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर सूचना विभाग में सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों में वृद्धि और नियमित विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया था कि मौजूदा विज्ञापन दरें डिजिटल मीडिया के बढ़ते तकनीकी और संचालन खर्च के अनुरूप नहीं हैं। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने मांगों का संज्ञान लेते हुए कहा था की न्यूज़ पोर्टल पत्रकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!