10 साल बाद गंगोलगांव में गूंजा पांडवों का जयघोष

  • ढोल-दमाऊं की थाप पर जीवंत होंगी महाभारत की गाथाएं

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर से सटे गंगोलगांव में 10 साल के लंबे अंतराल के बाद शनिवार को पांडव लीला का विधिवत शुभारंभ हो गया। पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई इस पारंपरिक धार्मिक लीला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। ढोल-दमाऊं की थाप और पांडवों के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा है।

गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना के लिए आयोजित होने वाली पांडव लीला में महाभारत की गाथाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जीवंत होंगी। ढोल-दमाऊं की थाप पर पांडव पश्वाओं का अवतरण और उनका पारंपरिक नृत्य इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।

दस साल बाद हो रहे आयोजन को लेकर ग्रामीणों ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसमें युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पांडव लीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम भी है। इससे नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

पांडव लीला में अर्जुन की भूमिका यशवंत सिंह राणा, नागार्जुन की सतेंद्र सिंह रावत, युधिष्ठिर की जयसिंह रावत, सहदेव की प्रमोद सनवाल, नकुल की मनोज रावत, भीम की भजन सिंह राणा, नंदीमौण की सतेंद्र सिंह, तिलविल की शंकर सिंह, बर्बरीक की चंद्र सिंह रावत और हनुमान की भूमिका अमित बिष्ट निभा रहे हैं। वहीं जगरोई की भूमिका किशन सिंह बिष्ट तथा भान की भूमिका दिनेश और महेंद्र निभा रहे हैं।

पांडव लीला के सफल आयोजन के लिए ग्रामीणों ने समिति का गठन किया है। इसमें प्रेम सिंह को अध्यक्ष, हरिश रावत को उपाध्यक्ष, अनिल रावत को कोषाध्यक्ष और जयप्रकाश पुरी को संयोजक बनाया गया है। गांव के अन्य ग्रामीण भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। दस साल बाद हो रहे इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए ग्रामीणों में विशेष उत्साह है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

चमोली में कांग्रेस के दो नेताओं ने की सीएम धामी की तारीफ, सियासी हलकों में चर्चाएं तेज

Sat Nov 14 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली की सियासत में इन दिनों कांग्रेस के दो नेताओं के बयानों को लेकर नई चर्चा छिड़ी हुई है। पहले बदरीनाथ के कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!