बदरीनाथ धाम में घृत कंबल परंपरा के लिए ज्योतिर्मठ ने सौंपा शुद्ध देसी घी

  • बदरीश गाय के घी से भगवान बदरीविशाल के विग्रह पर चढ़ेगा घृत कंबल
  • माणा की कुंवारी कन्याओं ने तैयार किया ऊनी कंबल

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने से पूर्व सदियों पुरानी घृत कंबल परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। सोमवार को ज्योतिर्मठ की ओर से भगवान बदरीविशाल के अभिषेक एवं घृत कंबल अनुष्ठान के लिए बदरीश गाय का शुद्ध देसी घी बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण को सौंपा गया।

ज्योतिर्मठ के वरिष्ठ ब्रह्मचारी सहजानंद ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से घी का अवलोकन कराए जाने के बाद इसे मंदिर समिति को सुपुर्द किया। ज्योतिर्मठ के स्थानीय गौभक्तों के सामूहिक प्रयास से तैयार किया गया यह घी भगवान बदरीविशाल को समर्पित होने वाले घृत कंबल अनुष्ठान में इस्तेमाल होगा। इस अवसर पर स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि, शारदानन्द ब्रह्मचारी, तीर्थानंद ब्रह्मचारी, कमलेश भारद्वाज और खेमराज शर्मा मौजूद रहे।

माणा की बेटियां बुनती हैं पवित्र कंबल

बदरीनाथ धाम की इस विशिष्ट परंपरा में ज्योतिर्मठ और माणा गांव की विशेष भूमिका रहती है। माणा गांव की कुंवारी कन्याएं विशेष ऊन से भगवान के लिए ऊनी कंबल तैयार करती हैं, जबकि ज्योतिर्मठ के ब्रह्मचारी वर्षभर बदरीश गाय की सेवा कर अनुष्ठान के लिए शुद्ध देसी घी की व्यवस्था करते हैं।

कपाट बंद होने से पूर्व भगवान बदरीविशाल के श्रीविग्रह को इस घी से लेपित कर ऊनी कंबल ओढ़ाया जाता है। मान्यता है कि इससे शीतकाल में भगवान के विग्रह को कड़ाके की ठंड से सुरक्षित रखा जाता है। घी के खराब न होने की धार्मिक मान्यता के कारण इस परंपरा में शुद्ध देसी घी का विशेष महत्व माना जाता है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मिट्टी के बिना गोपेश्वर में उगा रहे केसर, नौकरी छोड़ लौटे नीरज ने पहाड़ में खोजा रोजगार

Mon Nov 16 , 2026
बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक के बाद निजी नौकरी छोड़ी एरोपोनिक्स तकनीक से शुरू किया केसर उत्पादन पहली फसल से मिली एक लाख रुपये की उपज गोपेश्वर (चमोली)। पहाड़ से रोजगार की तलाश में युवाओं का पलायन आम बात है, लेकिन कुछ युवा ऐसे भी हैं जो नौकरी छोड़कर अपने गांव लौट […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!