बदरीनाथ में डीजे विवाद पर यूकेडी का प्रदर्शन, पुतला फूंका

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में हाल में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में डीजे और तेज संगीत को लेकर उठे विवाद के बीच उत्तराखंड क्रांति दल ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रदर्शन किया। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया। बदरीनाथ में 19 और 20 सितंबर को देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित हुआ था, जिसके बाद कार्यक्रम के वीडियो सामने आने पर धाम की धार्मिक मर्यादा और कार्यक्रम के स्वरूप को लेकर आपत्तियां उठी हैं।

उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से बदरीनाथ जैसे धार्मिक स्थल पर डीजे और ऐसे कार्यक्रम कराए जा रहे हैं, जो धाम की धार्मिक मर्यादाओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने इस मामले की जिम्मेदारी तय करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।

वरिष्ठ नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। सरकार को धार्मिक स्थलों पर आयोजन से पहले वहां की परंपराओं और स्थानीय लोगों की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए।

सजवाण ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संबंधित कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय नेता, नगरपालिका अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। उन्होंने बदरीनाथ क्षेत्र के विधायक लखपत बुटोला पर भी केवल बयान देने का आरोप लगाते हुए सरकार से इस मामले में जवाब मांगने के लिए प्रभावी विरोध की मांग की। कहा कि बदरीनाथ धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादा से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखेगी।

प्रदर्शन में कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, दिव्यांशु, अंचल, अभिषेक, चंद्रकांत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Share
error: Content is protected !!