उत्तराखंड : 200 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप, एक की मौत, एक गंभीर घायल

विकासनगर। देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर त्यूणी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया।

हादसे के बाद वाहन के चालक को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। वाहन स्वामी का कहना है कि दुर्घटना में मृतक और घायल दोनों वाहन चालक नहीं हैं। वहीं, वाहन चालक का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

टियूटाड के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या UK07-CB-6002 टियूटाड से त्यूणी की ओर जा रहा था। सुबह टियूटाड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर त्यूणी थानाध्यक्ष कुलदीप शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटनास्थल से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

चालक को लेकर बना संशय

त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पिकअप में दो लोगों के होने की बात सामने आई है। हालांकि वाहन मालिक का कहना है कि मृतक और घायल दोनों में से कोई भी वाहन चालक नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया हो। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और चालक की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान खजान लाल के रूप में

पुलिस के अनुसार, हादसे में मृतक की पहचान खजान लाल (40 वर्ष), पुत्र दुर्भी लाल, निवासी ग्राम सुनकड़ी, पोस्ट सांकरी, थाना मोरी के रूप में हुई है। घायल की पहचान रविन लाल (34 वर्ष), पुत्र रकमू लाल, निवासी ग्राम सुचाणू, पोस्ट नेटवाड़, तहसील मोरी के रूप में हुई है।

घायल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव के पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना के बाद चालक कहां गया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टीएचडीसी टनल हादसा : मृतक परिवारों के मुआवजे में बढ़ोतरी के ठोस कदम

Sun Aug 16 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टनल हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे में बढ़ोतरी के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने परियोजना में कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मृतक परिवारों को वर्तमान में घोषित […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!